कलीग्स की पसंद का लीडर बनें
कुछ लोग ऑफिस में बहुत जल्दी लीडरशिप क्वॉलिटी दिखाने लगते हैं। लीडरशिप की कुछ खूबियों जैसे टीम के प्रति सहानुभूति, विचारों और कार्यो में तालमेल और स्पष्ट आइडिया के बारें में समय के साथ सीखा जाता है। जानते हैं कि कलीग्स की पंसद का लीडर कैसे बन सकते है-
शानदार परफॉर्मेंस
आपको वर्कप्लेस पर खुले माहौल और परफॉर्मेंस का वातावरण पैदा करना चाहिए। अच्छा लीडर टीम मेंबर्स की खूबियो को तुरंत पहचान लेता हैं। वह टीम के सदस्यों को रिस्क लेने और बेहतर परिणाम देने के लिए प्रेरित करता है। वह खुद शानदार रिजल्ट्स देने की पूरी कोशिश करता है।
टीम का सशक्तीकरण
कई लीडर्स की आदत होती है कि वे खुद काम पूरा करके कलीग्स को बताते है, क्योंकि उनके पास अनुभव होता है। आपको माइक्रो मैनेजमेंट से बचना चाहिए। इसके बजाय आपको एम्प्लॉइज को अपना काम बेहतर तरीके से करने के लिए सशक्त करना चाहिए। इससे वे पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना काम समाप्त कर पाएंगे।
मेंटरशिप ऑफर करें
आप लीडरशिप के मौके के रूप में टीम मेंबर्स को प्रोफेशनल प्रेरणा दे सकते हैं। मेंटरशिप की मदद से आप एम्प्लॉइज से संवाद स्थापित कर सकते हैं और उनमें सुधार के लिए रचनात्मक तरीके अपना सकते हैं। मेंटरशिप में एम्प्लॉई भी अपनी बात अच्छे से कह पाते हैं।
पारदर्शिता बढाएं
पारदर्शिता और जीवनमूल्यों से विश्वास बढता है। विश्वास बढने से लोगो के अंदर कंपनी के प्रति जुडाव पैदा होता है। जब टीम लीडर पर पूरा भरोसा करती हैं, तो वह बेहतर करने की कोशिश करती हैं। लीडर के तौर पर आपको टीम के सदस्यो को स्पष्ट दिशा-निर्देश देने चाहिए। अगर पारदर्शिता का उच्च स्तर कायम रहता है तो आउटपुट बढता है।
उदाहरण दें
अगर आप चाहते हैं कि आपके कलीग्स कंपनी में किसी आदत को अपनाएं तो सबसे पहले आपको उस आदत को अपनाना चाहिए। कलीग्स आपके उदाहरण से बातों को अच्छी तरह से समझ सकते हैं। आपको एम्प्लॉइज को आगे बढने के लिए मोटिवेट करना चाहिए। आपको टीम के सभी सदस्यों पर पॉजिटिव प्रभाव छोडने के लिए अपने व्यक्तित्व का सही इस्तेमाल करना चाहिए