कॉलेज के बाद प्रोफेशनल बनें 

कई युवा कॉलेज से पढाई पूरी करने के बाद जॉब करना तो शुरू कर देते है,पर वे पूरी तरह से प्रोफेशनल नहीं बन पातें। इसका उन्हें काफी नुकसान उठाना पडता है। कॉलेज में युवा पीढी सपनों के संसार में खोई रहती है, पर वर्कप्लेस पर उसका सामना वास्वविकता से होता है। वर्कप्लेस पर प्रोफेशनल बनने के लिए युवा रखें कुछ खास बातों का खयाल। 
 
करना होगा काम 

कॉलेज के दिनों में युवा कई बार बंक मार जाते है और काफी खुश होते है, पर नौकरी में ऐसा नहीं हो सकता। नौकरी के लिए जीवन में अनुशासन बहुत जरूरी है। यह ऐसी जगह है, जहां पर आप बिना किसी को बताएं छुट्टी नहीं ले सकतें। आपको बॉस से छुट्टी की इजाजत लेनी होगी। आपको ऑफिस में लगातार आठ घटें काम करने की आदत भी डालनी होगी। 
 
सीखने की कोशिश करें  

जरूरी नहीं है कि पहली नौकरी में ही आप प्रोफेशनल तौर तरीकों को सीख जाएं। इसके लिए निरंतर प्रयास जरूरी है। आपको वर्कप्लेस पर लगातार नई चीजें सीखनी चाहिए और अपनी कमियों को दूर करने का पूरा प्रयास करना चाहिए। 
 
बनना होगा जिम्मेदार 

कॉलेज की पढाई के दौरान कई बार युवा पीढी गैरजिम्मेदाराना व्यवहार करती है, पर वर्कप्लेस पर एक भी गलत कदम आपको नौकरी से हमेशा के लिए छुट्टी दिला सकता है। प्रोफेशनल लाइफ में डेडलाइन्स का बडा महत्व होता है। इसलिए काम को समय पर सही तरह से पूरा करना जरूरी है। 
पहनावा और बोलचाल 

प्रोफेशनल लाइफ में पहनावे और बोलचाल पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जाता है। अगर आप कॅरियर में तेजी से सफल होना चाहते है तो आपको अपने पहनावे और बोलचाल के तरीके में सुधार करना चाहिए। वर्कप्लेस पर जिन चीजों को महत्व दिया जाता है, उन्हें जीवन में उतारना चाहिए। 
सही समय पर मनोरंजन 

ऐसा नहीं है कि प्रोफेशनल लाइफ पूरी तरह से बोरियत भर होती है। हां , प्रोफेशनल लाइफ में वर्किग आवर्स में आपको अपने काम को पूरा करने पर फोकस करना पडता है। टारगेट पूरा करने के बाद आप चाहें तो रिलेक्स हो सकते हैं या दोस्तों से बात कर सकते है।