काम को लाएं बॉस की नजर में

ऑफिस में अप्रेजल का दौर चल रहा है। ऐसे में आपको अपने बॉस को अपनी मेहनत और प्रोफेशनल योगदान के बारे में याद दिलाना चाहिए। अगर आप अपना योगदान बताने में झिझकते हैं तो ये हैं आपके लिए कुछ खास टिप्स -

विश्वसनीयता बनाएं

यह न सोचें कि आपके बॉस को अपने आप ही आपके अच्छे काम के बारे में पता लग जाएगा। आपको अपने बारे में बताना होगा। खुद की खूबियों का प्रचार करें। इस तरह का माहौल बनाएं कि ज्यादा से ज्यादा लोग आपके काम की तारीफ करें और आपका जिक्र बॉस तक पहुंचे। इससे आपको फायदा होगां

स्पष्ट लक्ष्य बनाएं

खुद अपने लिए कुछ लक्ष्य निश्चित करें और बॉस के साथ टाइम फ्रेम शेयर करें। जब आप अपना लक्ष्य समय सीमा में प्राप्त कर लें तो अपने बॉस को जरूर बताएं। बॉस से जिक्र करें कि वह लक्ष्य हासिल करने के लिए आपने क्या-क्या प्रयास किए और आपको किस तरह से सफलता मिली है।

बनें एंटरप्रेन्योर

वर्कप्लेस पर आपको एंटरप्रेन्योर की तरह से सोचना चाहिए। आपको काम करने के पुराने तरीके छोड़ देने चाहिए। आपको अपनी दक्षता बढ़ाने की कोशिश करनी चाहिए। काम में फर्क लाने के लिए खुद को मजबूत बनाएं। जब आप काम को अपना बना लेंगे तो बॉस भी आपसे जरूर प्रभावित होगा।

खुद को करें एक्सप्रेस

आपको बेस्ट काम करना चाहिए, साथ ही आपको अपने काम को बेस्ट तरीके से एक्सप्रेस भी करना चाहिए। आपको अपनी बात को अच्छी तरह से बॉस के सामने रखना चाहिए। अगर आप अच्छा काम करते हैं और अपने बात को सही तरह से बॉस के सामने प्रेजेंट नहीं कर पाते हैं तो आपको अप्रैजल में कोई फायदा नहीं होगा।

प्राप्त करें फीडबैक

अगर आप चाहते हैं कि आपका प्रमोशन समय पर हो और सैलेरी को लेकर संतुष्टि बनी रहे तो आपको बॉस से अपने काम के बारे में फीडबैक प्राप्त करना चाहिए। आपको प्रमोशन या अप्रैजल टाइम से पहले ही फीडबैक प्राप्त करके उसके अनुरूप खुद में सुधार करना चाहिए। बॉस को अपने अंदर आए बदलावों के बारे में बताना चाहिए। इससे बॉस जरूर प्रभावित होगा और अप्रैजल में फायदा मिलेगा