यूं बनें लीडर के प्रभावी सहयोगी

अगर आप लीडर के सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं तो आपको काफी फायदा हो सकता है। इससे कंपनी को आगे ले जाने में काफी मदद मिल सकती है। हालांकि विचारों में भिन्नता और संवाद की कमी से बात बिगड़ भी सकती है। जानते हैं कि आप किस तरह से कंपनी में लीडर के प्रभावी सहयोगी बन सकते हैं -

जिम्मेदारी की परिभाषा

लीडर के सहयोगी के रूप में आपको अपनी जिम्मेदारियों की जानकारी होनी चाहिए। आपको पता होना चाहिए कि लीडर को क्या करना है और आपको क्या काम पूरे करने हैं। इस मॉडल को सफल बनाने के लिए वर्कप्लेस पर पारदर्शिता और खुलेपन की नीति को अपनाना चाहिए।

दिशा तय करें

आपको लीडर के साथ मिलकर लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा तय कर लेनी चाहिए। आपके विचारों में समानता होना आवश्यक है। लीडर के सहयोगी के रूप में आपको अपना फोकस और स्ट्रेटेजी लीडर को सफल बनाने की दिशा में लगाना चाहिए।

विवादों को सुलझाएं

किसी भी संस्थान में छोटे-मोटे विवाद हमेशा चलते रहते हैं। इससे लोग अपनी बात को खुलकर कह पाते हैं। लीडर और उसके सहयोगी में भी अच्छा ईक्यू होना चाहिए। उन्हें एक-दूसरे की गलतियां खोजने के बजाय समस्याओं को सुलझाने की दिशा में काम करना चाहिए।

एक-दूसरे को सराहें

लीडर और उसके सहयोगी को हर मौके पर एक-दूसरे की प्रशंसा करनी चाहिए। इससे कंपनी में पॉजिटिव मैसेज जाता है। अगर एम्प्लॉइज के पास यह संदेश जाएगा कि आप एक-दूसरे से कंपीटिशन कर रहे हैं तो लीडरशिप पर गलत असर पड़ सकता है। इससे वर्कप्लेस पर प्रोडक्टिविटी बिगड़ सकती है।

कमियों को सुधारें

लीडर और उसके सहयोगी को एक-दूसरे को उनकी कमियों के बारे में बताना चाहिए। इससे उन कमियों को दूर करने की दिशा में काम किया जा सकता है। अगर आप अपनी कमियों को समय रहते दूर कर लेंगे तो फायदा आपको ही होगा। हमेशा अपना बचाव करते रहने के बजाय आपको सहयोगात्मक रवैया अपनाना चाहिए। लीडर और उसके सहयोगी को कंपनी के लिए बड़ी ताकत बनना चाहिए।