काम का तनाव दूर भगाएं इस तरह
अगर आपको लगता है कि वर्कप्लेस पर आपका काम बिगड़ सकता है या आप अपने टारगेट्स पूरे नही कर पाएंगे तो यकीन मानिए कि ऑफिस में आपका आत्मविश्वास काफी कमजोर हो चुका है। आप काम का तनाव दूर करने के लिए कुछ खास बातों का ख्याल रखें-
प्लानिंग करें
अगर आप प्लानिंग के साथ काम करते हैं तो आपके पास बॉस के हर सवाल का जवाब होता है। अगर आप महत्वपूर्ण कागजों को अपनी निगाह में रखते है और समय आने पर तुरंत बॉस के सामने पेश कर देते हैं तो आपको किसी तरह का तनाव नहीं होता।
ईमानदार रहें
अगर आप पूरी ईमानदारी के साथ अपना काम पूरा करते हैं और बिना लागलपेट के सही जवाब देते है तो आपको किसी तरह का तनाव नही होगा। ईमानदार रहने का यह फायदा है कि अगर आपसे कोई गलती भी हो जाती है तो आप सहजता के साथ उसे स्वीकार कर सकते हैं और आगे बढ सकते हैं।
फोकस बनाए रखें
अक्सर काम का तनाव उस समय बढ जाता है, जब आप उस काम पर सही तरह से फोकस नहीं कर पाते। इसलिए आपको अपने काम की बारीकियों को समझकर अपना फोकस बनाएं रखना चाहिए। साथ ही आपको काम में महारत हासिल करने का पूरा प्रयास करना चाहिए। आप जितना ज्यादा अपने काम में एक्सपर्ट बनेंगे, आपका तनाव उतना ही कम हो जाएगा।
हिम्मत से काम लें
कई बार ऐसा लगता है कि फलां काम पूरा नहीं हुआ तो कयामत आ जाएगी, जबकि ऐसा कुछ नहीं होता है। आपको हर परिस्थिति में हिम्मत से काम लेना चाहिए। आपको खुद को भरोसा दिलाना चाहिए कि कोई भी स्थिति आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। आपको आत्मविश्वास के साथ काम की प्लानिंग करनी चाहिए।
सब अच्छा होगा!
ज्यादातर लोगों को लगता है कि जो चीजें उन्हें मिली हैं, वे उसके काबिल नहीं है। वे हर काम को करते समय घबराते हैं। यह सब आत्मविश्वास की कमी के कारण होता है। आपको उत्साहित रहना चाहिए। काम को बोझ समझने के बजाय उसे एन्जॉय करना चाहिए। इससे आपके मन में चल रही हर तरह की उलझन खत्म हो जाएगी।