मेंटरशिप का पूरा फायदा उठाएं

मेंटरशिप प्रोग्राम्स से आप अपनी काबिलियत पहचान पाते हैं। ज्यादातर लोगों को पता नहीं होता है कि मेंटरशिप का पूरा फायदा किस तरह से लिया जाए। जानते हैं मेंटरशिप से किस तरह कॅरियर में तरक्की मिल सकती है -

सभी चरण स्पष्ट हों

जॉब की शुरूआत करने वालों की मेटरशिप के कार्यक्रम के उद्देश्यों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। आपको पता होना चाहिए कि आप इस कार्यक्रम का हिस्सा क्यों बन रहे हैं और मेंटर से क्या चाहते हैं। आप इस बारे में मेंटर से विचार विमर्श कर सकते हैं। इससे आपका मेंटर भी तय कर पाएगा कि उसे आपको किस दिशा में ले जाना है।

थोड़ा पर्सनल होना जरूरी है

मेंटरशिप प्रोग्राम को सफल बनाने के लिए जरूरी है कि आप प्रोफेशनलिज्म की सीमाओं को क्रॉस करें। इसके बिना कुछ काम नहीं होगा। पर्सनल कनेक्ट होने पर ही आप मेंटर की बात को अच्छी तरह से समझकर अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

सही सवाल पूछें

अगर आप मेंटरशिप प्रोग्राम का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं तो आपको सही सवाल पूछने चाहिए। इससे मेंटर को जवाब देने में आसानी रहती है। आपको पता होना चाहिए कि असल समस्या क्या है। अगर आपको यही पता नहीं है कि आपकी कमी क्या है या आप किस चीज में सुधार चाहते हैं तो मेंटर भी आपकी मदद नहीं कर पाएगा।

प्रो-एक्टिव बनें

अगर आपको कंपनी में ही मेंटर मिल जाता है तो आप भाग्यशाली हैं।  इससे आपको उनसे साथ काम करने और सीखने का अच्छा अवसर मिलता है। आप उनके अनुभवों और ज्ञान से बेहतर तरीके से सीख सकते हैं। आप प्रो-एक्टिव बनें और बिना झिझक के मन में चल रहे विचारों को मेंटर के साथ साझा करें। उनसे ज्यादा से ज्यादा सीखने का प्रयास करें।

नियमित फीडबैक दें

मेंटर के लिए यह जानना जरूरी है कि कैंडिडेट उससे कितना सीख रहा है। इसलिए नियमित फीडबैक देना जरूरी है। मेंटरिंग वन-वे स्ट्रीट नहीं है। मेंटर आपको सलाह देता है और आप उन्हें फीडबैक देते हैं। आपको और मेंटर को पता होना चाहिए कि क्या चीज बेहतर तरीके से काम करती है और इस दिशा में नियमित विचार-विमर्श जरूर करें।