पीठ पीछे बुराई नहीं होगी अब
वर्कप्लेस पर कई बार किसी एम्प्लॉई की पीठ पीछे बुराई होने लगती है। ऐसा इसलिए होता है, क्यांकि कलीग्स उस एम्प्लॉई की सफलता को पचा नहीं पाते। अगर आप भी ऐसी ही समस्या से परेशान है तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए।
हर चीज शेयर न करें
आपको वर्कप्लेस पर कलीग्स के साथ हर चीज शेयर नहीं करनी चाहिए। निजी बातों को सबके साथ शेयर करने से उनका गलत इस्तेमाल हो सकता है। बॉस और आपके संबंधों के बारे में जब कलीग्स को पता लग जाता है तो वे इसका फायदा उठाने लगते हैं। पीठ पीछे बुराई से बचने के लिए अपने शब्दों पर भी गौर करें।
सच्चाई पता लगाएं
कुछ एम्पलॉइज अपने बारे में कुछ भी गलत सुनते ही भडक उठते हैं। आपको ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए। अगर अपने बारे में कोई नेगेटिव बात सुनें तो सबसे पहले तथ्यों की पडताल करें और पता करें कि यह बात शुरू कहां से हुई है और इसमें कितना दम है। इसके बाद ही प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
काम पर करें फोकस
अगर आप खुद से जुडी नेगेटिव बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देंगे तो वे अपने आप खत्म हो जाएंगी। इसलिए खुद से जुडे मामलों को ऑफिस में ज्यादा फैलने न दें। इसके बजाय अपने काम पर फोकस करें। इससे आप खुद को पूरी तरह सकारात्मक रख पाएंगे।
प्लानिंग करें
अगर आपको स्पष्ट रूप से पता लग जाता है कि ऑफिस में आपके पीठ पीछे कौन बुराई कर रहा है तो आपको सीधे उसके पास जाकर बात करनी चाहिए। आप इस मामले में एचआर से भी बात कर सकते है। आपको गुस्सा करने के बजाय विनम्रता से अपना पक्ष रखना चाहिए। आपको पता करना चाहिए कि कोई व्यक्ति ऐसा भूल से कर रहा है या दुर्भावना से।
सबसे करें बातचीत
अगर आपको लगता है कि आपको लेकर ऑफिस में राजनीति हो रही है तो बॉस से मिलकर अपना पक्ष रखना चाहिए। कर्मचारियों से कम्यूनिकेशन के माध्यम से भी इस स्थिति से बाहर निकल सकते हैं। पता करना चाहिए कि समस्या की असल वजह क्या है। हो सकता है कि आपके व्यवहार में कमी हो। अपनी कमियों को दूर करें।