कंपनी छोडने का सही तरीका 

कंपनी को सही तरह से अलविदा कहना चुनौती भरा काम होता है। आप चाहें तो इस प्रोसेस को आसान बना सकते है। जानते हैं इसके तरीके के बारे में  

ईमानदार रहें  

हालांकि आपके ऊपर कोई कानूनी बाध्यता नहीं है कि आप अपने अगले एम्प्लॉयर के बारे में बताएं। लेकिन संबंधों को सही बनाए रखने के लिए जरूरी है कि आप नए एम्प्लॉयर के बारे में जानकारी साझा करें। हो सकता है कि आपको पुरानी कंपनी में रेफरल के लिए वापस आना पडे। इसलिए आप जितने ज्यादा पारदर्शी रहेंगे, उतने अच्छे तरीके से अपने कलीग्स और बॉस के साथ संबंध कायम रख पाएंगें। अगर आप पुराने संबंधों को खराब करेंगे तो इससे आपको भी नुकसान हो सकता है। 
 
बॉस को कारण बताएं 

एक बार जब आप इस्तीफा देने के बारे फैसला कर लें तो इसके बारे में बॉस को जरूर बताएं। आप अपने कलीग्स और एच आर को बाद में भी बता सकते है। हो सकता है कि आपके मैनेजर के पास बेहतर ऑफर हो और आप अपने निर्णय पर एक बार फिर विचार करने पर विवश हो जाएं। 
 
अधूरा काम पूरा करें 

कंपनी छोडने से पहले आपको मिले प्रोजेक्ट्स को पूरा करें। अगर आप उन्हें पूरा नहीं कर पा रहे है तो कम से कम यह सुनिश्चित कर लें कि उसे सही तरह से हैडओवर किया जाए। जो व्यक्ति आपके बाद काम को संभालेगा, उसे काम के बारे में पूरी जानकारी देकर जाएं। 

खुद पार्टी आयोजित करें 

कई बार कंपनियां एग्जिट पार्टीज आयोजित करती है लेकिन यदि आप प्रभाव छोडना चाहते है तो खुद एक छोटी पार्टी का आयेजन कर सकते है। ऑफिस के निकट वेन्यू तलाश करें या ऑफिस का कैफेटेरिया भी इस्तेमाल कर सकते है। इस तरह आप सभी कलीग्स के साथ मिल सकते है। 
 
सही फीडबैक दें 

जब आप कंपनी छोड रहे है तो कंपनी की नीतियों के बारे में ईमानदारी से फीडबैक दें। एचआर डिपार्टमेंट को कंपनी के वर्क कल्चर के बारे में अपने विचार स्पष्ट रूप से बताएं। इससे कंपनी को खुद में सुधार करने का मौका मिलेगा। सही फीडबैक से आपके बारे में पॉजिटीव छवि बनेगी, जिसका भविष्य में फायदा मिलेगा।