प्रयाग
हिन्दू धर्मग्रन्थों में वर्णित प्रयाग पवित्र गंगा नदी और यमुना नदी के संगम पर स्थित एक स्थल है। वर्तमान में यह इलाहाबाद के नाम से जाना जाता है जो उत्तर प्रदेश राज्य के पूर्वी भाग में स्थित एक नगर व जिला मुख्यालय है। इसे ’तीर्थराज’ भी कहते हैं। प्रयाग में ही सृष्टिकर्ता ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना करने के बाद पहला यज्ञ किया था, तथा प्रयाग ही सबसे बड़े हिन्दू सम्मेलन ’महाकुम्भ की चार स्थलियों में से एक है। यह स्थान ’त्रिवेणी संगम’ कहलाता है जहाँ प्रत्येक 12 वर्ष में ’महाकुम्भ’ मेला लगता है।