हर रोज दुनिया में कहीं एक स्टोर खोल रही हैं इनकी कंपनी

स्टीफन पर्सन स्वीडन के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। ग्लोबल फैशन रिटेलर एच एंड एम (हेन्स एंड मॉरिट्ज़) में उनकी 28 प्रतिशत तक हिस्सेदारी है। वे कंपनी के चेयरमैन हैं। उनके पिता इरलिंग पर्सन ने यह कंपनी 1947 में स्थापित की थी। वर्तमान में कंपनी का लक्ष्य हर साल 10 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल करना है और इसके लिए उसे हर रोज एक स्टोर खोलना है। इसलिए कंपनी कई नए देशों के बाजारों में अपने स्टोर्स लगातार लगातार खोल रही है। इसमें भारत और दक्षिण अफ्रीका भी शामिल हैं। जबकि चीन में कंपनी सबसे ज्यादा स्टोर खोल रही है। एच एंड एम के अलावा इनकी पूरे यूरोप और अमेरिका में कई रियल एस्टेट संपत्तियां हैं। रियल एस्टेट बिजनेस वे राम्सबरी प्रापर्टी कंपनी के माध्यम से करते हैं। इसके तहत उनकी संपत्ति न्यूयॉर्क के फिफ्थ एवेन्यू, लंदन की ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट, रोम के वाया डेल कॉर्सों में भी है।
1940 के दशक में जब कंपनी का पहला स्टोर खोला गया था तो इसमें सिर्फ महिलाओं के परिधान ही बेचे जाते थे। यह सफल रहा तो दूसरा स्टोर स्टॉकहोम में खोला गया। यह दूसरे विश्व युद्ध के बाद की किफायत का दौर था। कंपनी के सस्ते और अफोर्डेबल प्रोडक्ट तुरंत हिट हो गए। तब कंपनी का नाम हेन्स ही था। इसका मतलब होता है फॉर हर। फिर 1965 में जब मॉरिट्ज विडफ्रॉस का अधिग्रहण किया गया तो यह नाम भी जुड़ गया और कंपनी मैन्स वियर भी बेचने लगी।
1974 में कंपनी जब स्टॉकहोम स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड हुई तब स्टीफन कॉलेज में थे। 1976 में ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने परिवार का बिजनेस जॉइन कर लिया। यूके में कंपनी के कारोबार की कमान संभाली। तब तक कंपनी स्वीडन, नॉर्वे और डेनमार्क में ही थी। 1982 में वे कंपनी के सीईओ बने और 1998 में चेयरमैन। पिता की कंपनी का विस्तार उन्होंने पूरे यूरोप और अमेरिका में किया।
1990 में उन्होंने कंपनी के प्रोडक्ट्स में बच्चों के कपड़े भी जोड़ दिए। इसके बाद कंपनी यूरोप की सबसे बड़ी रिटेलर बन गई। कंपनी की स्ट्रैटजी के बारे में 2002 में स्टीफन ने कहा था कि फैशन को जल्दी खत्म हो जाने वाले प्रोडक्ट की तरह ट्रीट करना चाहिए। इसे फ्रेश और मूविंग बनाए रखना जरूरी है। ट्रेंड को आने से पहले ही पहचानना होता है। ताकि आपके बनाए परिधान तुरंत रैक से खाली हो जाएं। कंपनी की बड़ी सफलता के पीछे एक और बड़ी वजह है। इन हाउस डिजाइनर टीम। स्टीफन ने नए ग्रेजुएट्स को हायर करके कंपनी संभालने के शुरुआती दिनों में ऐसी टीम बना दी थी। आज कंपनी के प्रोड्क्टस लिस्ट में क्लोदिंग, एसेसरीज, फुटवियर, कॉस्मेटिक्स और होम टेक्सटाइल शामिल है। साथ ही कॉस्मेटिक्स, स्पोर्ट्स वियर भी इसमें हैं। कंपनी के ब्रैंड में सीओएस, वीकडे, चीप मंडे, मॉनकी भी शामिल हैं। कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 161000 है। कंपनी के 4393 स्टोर दुनिया के 65 देशों में हैं। उनका बिजनेस मॉडल कम मार्जिन, हाई वेल्यू और फास्ट इनवेंटी पर चलता है। कंपनी की एक और खास बात है यह हमेशा से एक छोटी कंपनी के रूप में काम करती रही है। कंपनी के फाउंडर इरलिंग पर्सन चाहते थे कि कंपनी का माइंड सेट हमेशा छोटी कंपनी का रहे। यहां ओपन डोर पॉलिसी के अनुसार काम किया जाता है।