नए एम्प्लॉइज को महसूस हो अपनापन

जब भी कोई नया एम्प्लॉई आपकी कंपनी को जॉइन करे , तब आपकी यह जिम्मेदारी बनती है कि आप उसे अपनापन महसूस करवाएं ।
अगर आप अपने बिजनेस को सफलता दिलाना चाहते हैं तो आपको अपने एम्प्लॉइज का ख्याल रखना होता है। खासकर जब कोई एम्प्लॉई आपकी कंपनी में नया होता हैं । आपको अपने एम्प्लॉइज को यह अहसास दिलाना होता है कि वह कंपनी का हिस्सा हैं और कंपनी को उनका ख्याल है। जब एम्प्लॉइज को कंपनी से अपनापन मिलता है , तब वह पूरी तरह मेहनत के साथ काम करते हैं। जानिए , कैसे महसूस करवाएं अपनापन - 

विजन शेयर करें 

जब भी कोई एम्प्लॉई आपकी कंपनी को जॉइन करे , तब आपको उसे अपने और कंपनी के विजन के बारे में बताना चाहिए । इससे वह कंपनी के तौर - तरीकों और लक्ष्यों के बारे में जान पाता है। उसे यह साफ हो जाता है कि कंपनी किस दिशा में आगे बढ़ रही है। वह वैसे ही काम करता है। 

खुला माहौल बनाएं  

एक एंटरप्रेन्योर होने के नाते आपकी यह जिम्मेदारी है कि आप अपने एम्प्लॉइज को खुला माहौल दें जहां वह अपनी बात बिना किसी झिझक के खुलकर कह सकें। इससे उन्हें अपनापन महसूस होगा और वह दिल लगाकर काम कर सकेंगे। 

गलती करने की आजादी 

सफलता के लिए यह जरूरी है कि आप अपनी कंपनी के नए एम्प्लॉइज को गलतियां करने की आजादी दें । जब वह गलती करेंगे , तभी सीखेंगे और अपने काम के एक्सपर्ट बनेंगे । अगर वह गलती नहीं करेंगे तो कभी सीख नहीं सकेंगे ।